बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। डीएम ने आपातकालीन, पंजीकरण, दवा वितरण, औषधि भंडार, कोल्ड चेन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, प्रसव कक्ष, शौचालय और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। प्रसव सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रेग्नेंसी टेबल समेत आवश्यक उपकरणों की मांग तत्काल भेजने के निर्देश दिए। औषधि भंडार में स्टॉक रजिस्टर की जांच और दवाओं का भौतिक सत्यापन करते हुए रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट करने को कहा।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में कोई दवा एक्सपायर नहीं होनी चाहिए।उन्होंने मरीजों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए बेडशीट बदलने में कलर कोडिंग व्यवस्था का पालन करने को कहा। बायोमेडिकल वेस्ट के उचित निस्तारण के लिए एक सप्ताह में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आपातकालीन वार्ड में ड्यूटी रजिस्टर का सही ढंग से संधारण और इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन व सीरिंज का निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ स्वच्छता, दवा प्रबंधन, सुरक्षा और संक्रमण नियंत्रण मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। इस दौरान एसडीएम अनिल चन्याल, प्रभारी चिकित्साधिकारी दिवाकर पांडेय, चिकित्साधीक्षक आशुतोष तिवारी और क्षेत्र पंचायत सदस्य विनय सिंह मौजूद रहे।


