रुद्रपुर। शांतिपुरी के सत्संग आश्रम स्थित सेंट लामार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अग्निशमन विभाग द्वारा विद्यार्थियों के साथ अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल अभ्यास कराया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को आग लगने की स्थिति में सतर्क रहने और सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के तहत अग्निशमन विभाग की टीम ने बच्चों को घबराने के बजाय धैर्यपूर्वक स्थिति का सामना करने और सुरक्षित निकास के तरीकों का प्रशिक्षण दिया। साथ ही विभिन्न प्रकार के अग्निशमन यंत्रों के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान जैसे ही अलार्म बजा, विद्यार्थियों को कतारबद्ध तरीके से सुरक्षित स्थान तक पहुंचने का अभ्यास कराया गया। इसके अलावा आग के प्रकार और उन्हें बुझाने में उपयोग होने वाले उपकरणों व रसायनों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। अग्निशमन टीम ने विद्यार्थियों को फायर ब्रिगेड सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के टोल-फ्री नंबरों की जानकारी भी दी, ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता ली जा सके। स्कूल के प्रबंधक प्रमोद कुमार वर्मा एवं प्रधानाचार्य बृजमोहन कुनियाल ने अग्निशमन विभाग की टीम का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें किसी भी आपदा से निपटने के लिए तैयार करते हैं। इस मौके पर स्कूल का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


