–
अल्मोड़ा। ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ थीम के अंतर्गत संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत शनिवार को विकासखंड स्याल्दे के राजकीय इंटर कॉलेज, मालीखेत में सेवा पखवाड़ा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र और विधायक महेश जीना ने विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। शिविर के दौरान कुल 619 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 608 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागीय योजनाओं के माध्यम से लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया तथा 27 लोगों के आधार कार्ड का पंजीकरण एवं संशोधन भी किया गया। शिविर में समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, जल संस्थान, श्रम, ग्राम्य विकास और पंचायतीराज समेत विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी तथा लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री महेश्वर सिंह महरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख मथुरा दत्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


