Latest Posts

स्वतंत्रता दिवस पर बागेश्वर में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश


बागेश्वर। जिले में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और महाविद्यालयों में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने ध्वजारोहण कर जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद नुमाइशखेत मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में भी उन्होंने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता अनगिनत वीरों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करते हुए राष्ट्र एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
समारोह में प्रस्तुत कार्यक्रम: समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की परिजन भगवती देवी, लोकतंत्र सेनानी बसंत बल्लभ पांडे तथा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं गीतिका पंत, खुशी कांडपाल, दिशा कांडपाल, रोहित मेहता, विवेक, अनिशा, योगेश, लोकेश, नैन्सी, तमन्ना, साक्षी और रविकांत को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों और समारोह में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
नगर में प्रभात फेरी: इससे पूर्व विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नगर में प्रभात फेरी निकाली। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक पार्वती दास, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कांग्रेस और भाजपा कार्यालय में ध्वजारोहण
बागेश्वर(आरएनएस)। जिला मुख्यालय में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.