रुद्रपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता और युवा यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। यात्रा के दौरान युवाओं ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि शहीदों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में योगदान दे।उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया। गहलौत ने कहा कि रुद्रपुर की सड़कों पर युवाओं का उमड़ा जोश संदेश दे रहा है कि देश का युवा राष्ट्रहित और राष्ट्रीय गौरव के लिए सदैव आगे खड़ा है। यात्रा ने शहर में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता का सकारात्मक संदेश दिया। कार्यक्रम में सभी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान विधायक शिव अरोरा, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, भाजपा जिलामंत्री प्रमोद मित्तल, धीरेंद्र मिश्रा, अमित नारंग, मनीष, रश्मि रस्तोगी, गजेंद्र प्रजापति, रोहित, रचित आदि रहे।


