Latest Posts

20 सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम प्रधानों ने हवालबाग ब्लॉक मुख्यालय में की तालाबंदी


अल्मोड़ा। ग्राम पंचायतों से जुड़ी लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को हवालबाग विकासखंड में ग्राम प्रधानों का आक्रोश फूट पड़ा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान और प्रधान संगठन के पदाधिकारी विकासखंड मुख्यालय पहुंचे। अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कोई ठोस समाधान नहीं निकलने पर नाराज प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालय में तालाबंदी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रधानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उनकी 20 सूत्रीय मांगों पर जिला स्तर के सक्षम अधिकारियों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सुबह करीब 10 बजे विकासखंड सभागार में आयोजित बैठक में ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू, एबीडीओ और एडीओ पंचायत ने प्रधानों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए जिला स्तरीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी। इसके बाद प्रधानों ने बैठक का बहिष्कार करते हुए ब्लॉक मुख्यालय में तालाबंदी कर दी। प्रधानों का आरोप था कि पिछले एक माह से विकासखंड स्तर के अधिकारी और कर्मचारी पंचायतों की समस्याओं के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, पंचायत सचिवों के स्थानांतरण से पहले संबंधित ग्राम पंचायतों की राय लेने, ग्राम सभा के प्रस्तावों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने, पंचायत अभिलेख एवं डिजिटल सिग्नेचर पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने तथा विधिवत कार्यभार हस्तांतरण सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इसके अलावा पंचायत कार्यों में किसी विशेष वेंडर पर निर्भरता समाप्त करने, प्रधान संगठन की मासिक समीक्षा बैठकों को संस्थागत मान्यता देने, बीडीसी बैठकों में संबंधित विभागों के सक्षम अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति, निर्माण कार्यों के मापन के बाद समयबद्ध भुगतान, अधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित उपलब्धता तथा फील्ड कर्मचारियों की उपस्थिति व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की भी मांग की गई। प्रधानों ने राशन कार्ड संबंधी कार्यों के लिए विकासखंड स्तर पर कर्मचारी की नियुक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मनरेगा सहित अन्य ग्राम्य योजनाओं की प्रभावी निगरानी, ऑनलाइन स्वीकृति प्रक्रिया को सरल बनाने, विकासखंड कार्यालय में ग्राम प्रधानों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, कंटीजेंसी राशि के भुगतान एवं कटौती में पारदर्शिता तथा पंचायत भवनों के निर्माण, मरम्मत और आवश्यक संसाधनों के लिए पर्याप्त वित्तीय प्रावधान सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। प्रदर्शन में प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह मेहरा, नवीन भट्ट, चंद्रिका तिवारी, सुंदर मटियानी, महामंत्री विनोद जोशी, मंत्री प्रमोद जोशी, मोहन सिंह, शिवराज सिंह नयाल, प्रदीप पालनी, नंदन सिंह, पूरन सिंह, सोनी पांडे, ममता जोशी, मुन्नी मेहता, गिरीश चंद्र तिवारी, गणेश बिष्ट, रेखा कांडपाल, चंदन सिंह, बसंत बल्लभ, प्रकाश चंद्र, हेम चंद्र जोशी, वीरेंद्र राणा सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.