हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर खंडहर से 25 मोटरसाइकिल और कई बाइक के पार्ट्स बरामद हुए हैं। गिरोह हरिद्वार, ऋषिकेश और बिजनौर सहित आसपास के क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करता था। इसके बाद सस्ते दामों में बाइक बेच देते थे। वहीं पुलिस के अनुसार जो वाहन नहीं बिकते थे। उनके पार्ट्स अलग अलग बेच दिए जाते थे। बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने गिरोह का खुलासा करते हुए बताया कि रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने सीआईयू की मदद से तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मंगलवार को पुलिस ने जमालपुर कच्चे रास्ते के पास से 18 वर्षीय भव्य उर्फ भोला निवासी अमीरपुर गांगू, बिजनौर और 22 वर्षीय सुधीर कुमार निवासी रसूलपुर आबाद, बिजनौर को चोरी की एक स्प्लेंडर बाइक के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने कई वाहन चोरी की घटनाएं स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर दादूपुर गोविंदपुर के एक खंडहर में छापेमारी की गई। यहां से 24 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें और उनके पार्ट्स बरामद हुए।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी भव्य उर्फ भोला पहले भी बिजनौर में वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है और नशे का आदी है। जबकि उसका साथी सुधीर मोटर मैकेनिक है। दोनों चोरी के वाहनों को छिपाकर रखते थे और ग्राहक मिलने पर बेच देते थे। बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।


