ऋषिकेश। डोईवाला विकासखंड के अंतर्गत आने वाली 38 ग्राम पंचायतों में ‘विकसित भारत-जी राम जी’ अभियान की शुरुआत की गई इस पहल के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों को 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके लिए 300 प्रतिदिन मानदेय निर्धारित किया गया है। गुरुवार को डोईवाला ब्लॉक सभागार में ‘विकसित भारत-जी राम जी’ अभियान की शुरुआत ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी अभियान 38 ग्राम पंचायतों के लिए विकास का मजबूत माध्यम बनेगा। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से आम लोगों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि पंचायतों, स्वयंसेवकों और विभागीय अधिकारियों के सहयोग से इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा। मारखम ग्रांट के प्रधान परमिंदर सिंह बाउ ने कहा कि इस अभियान से गांव स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी। खंड विकास अधिकारी परशुराम सकलानी ने बताया कि अभियान के तहत केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही योजनाओं से जुड़े संबंधित विभागों के अधिकारी पूरे अभियान की नियमित समीक्षा करेंगे। मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख धनवीर सिंह बेंदवाल, ग्राम विकास अधिकारी नंदलाल, नरेंद्र प्रताप सिंह नेगी, आशीष बहुगुणा, राखी, विक्रम सिंह, आरती, राधिका, शशि,ममता, मधु, पुष्पा, किशन सिंह, सोनू कुमार, राजेश आदि उपस्थित रहे।


