अल्मोड़ा। चौखुटिया क्षेत्र के उड़लीखान के पास गुरुवार को शिक्षकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई। हादसे में पांच शिक्षक घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली चौखुटिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार डायल 112 के माध्यम से वाहन दुर्घटना की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। बताया गया कि वाहन संख्या यूके07 एफएच1287 में सवार शिक्षक धामदेवल से चौखुटिया लौट रहे थे। इसी दौरान उड़लीखान के पास कार असंतुलित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में बृजेश, नवल किशोर, मोनिका, दीप जोशी तथा हेमलता नेगी घायल हुए हैं। सभी घायलों को संयुक्त चिकित्सालय चौखुटिया में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।


