Latest Posts

खम्पा मार्केट में युवक से मारपीट व नकदी लूट, पार्षद ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग


अल्मोड़ा। नगर के झिझाड़ स्थित खम्पा मार्केट क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित मारपीट और नकदी लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय पार्षद अमित साह ‘मोनू’ भी पीड़ित के साथ कोतवाली पहुंचे और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ता केवलानंद जोशी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार रात करीब 9:40 बजे वह दुकान बंद कर कर्नाटक खोला स्थित अपने घर जा रहे थे। आरोप है कि झिझाड़-बक्शीखोला मार्ग के बीच तीन युवकों ने, जो कथित रूप से नशे की हालत में थे, उन्हें रोक लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की और जेब में रखे दो हजार रुपये छीन लिए। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पार्षद अमित साह ‘मोनू’ ने कहा कि नगर के बीचों-बीच इस प्रकार की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने खम्पा मार्केट, झिझाड़, कर्नाटक खोला और आसपास के क्षेत्रों में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे। इस दौरान नामित पार्षद कैलाश गुरुरानी, नामित पार्षद कृष्ण बहादुर सिंह, देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, पार्षद अभिषेक जोशी, वैभव तिवारी तथा अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.