Latest Posts

सीवर परियोजना पर उठाए सवाल, लोगों ने निर्माण कार्य का किया विरोध


विकासनगर। विकासनगर में शहरी विकास विभाग की करीब 535 करोड़ रुपये की सीवर परियोजना के निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को शिव विहार समेत अन्य क्षेत्रों के लोगों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध किया। विरोध करने वाले लोगों का कहना था कि कई स्थानों पर मैनहोल चैंबरों का निर्माण निर्धारित मानकों के विपरीत किया जा रहा है। उनका आरोप है कि चैंबरों के बेस की मोटाई और चौड़ाई निर्धारित मानकों से कम रखी जा रही है। साथ ही आवश्यक ग्राउटिंग और फ्लोटिंग का कार्य भी सही तरीके से नहीं किया जा रहा। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि सीवर पाइप लाइन बिछाने में भी तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे भविष्य में सीवर जाम, जलभराव, सड़क धंसने और रखरखाव संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। विरोध के दौरान स्थानीय लोगों ने मौके पर मौजूद प्रोजेक्ट मैनेजर से निर्माण कार्य गुणवत्ता के अनुरूप कराने की मांग की। उनका कहना था कि इतनी बड़ी लागत की परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही जनता के हितों के साथ खिलवाड़ होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठाई है। लोगों ने बताया कि इस संबंध में शहरी विकास विभाग को भी शिकायत दी जा चुकी है। विरोध प्रदर्शन में नेकराम शर्मा, कुलदीप ठाकुर, यश तोमर, यशपाल सहित अन्य स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.