रुद्रपुर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर भाजपा सरकार पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को डीडी चौक पर प्रदर्शन किया।कांग्रेसियों ने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कथित रूप से अराजक तत्व कहने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार और नैनीताल एसएसपी का पुतला दहन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आठ अगस्त को हल्द्वानी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नैनीताल पुलिस-प्रशासन ने जगह-जगह रोककर परेशान किया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। ममता रानी और राजकुमार ठुकराल ने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस के बढ़ते जनाधार से घबरा गई है और सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर कांग्रेस के कार्यक्रमों एवं रैलियों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की कथित नीतियों और हथकंडों को समझ चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनेगी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं जनहित के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। प्रदर्शन में उमा सरकार, ज्योति टम्टा, मधु सिकदर, कमल चुघ, संध्या गुप्ता, प्रदीप यादव, विकास बंसल, रंजीत गुप्ता, जमुना प्रसाद, राजू गुप्ता, मोहन भारद्वाज, मुख्तार हुसैन, मसूद, दानिश खान, दीपक प्रकाश, जगदीश, सतनाम सिंह, सुनील चुघ, प्रीति साना, उमर अली, योगेश चौहान, मोनिका ढाली, आसित वाला, दर्शन कोली, भूपेंद्र सिंह, सेवाराम, बाबू विश्वकर्मा, आबिद हुसैन, रणजीत तिवारी, देवानंद, बलाई विश्वास, सरोज शर्मा, इंद्रजीत सिंह, अशफाक, हरभजन सिंह, ललित बिष्ट, सपन ओझा, रामपत मंडल, अशोक राय, रामकुमार गुप्ता, राजेंद्र शर्मा, खेम सिंह, कैलाश रावत, केरू मंडल, जावेद, रेहान, नासिर, अकबर अली आदि मौजूद रहे।


