पिथौरागढ़। सीमांत की महिलाओं के हुनर और रचनात्मकता को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐंचोली में सेवा सहेली आउटलेट का शुभारंभ हुआ। आउटलेट में महिलाओं की ओर से वेस्ट मैटेरियल और स्थानीय संसाधनों से तैयार किए गए उपयोगी व सजावटी उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। इससे बेकार सामग्री के सदुपयोग के साथ ही महिलाओं को स्वरोजगार से जुड़ने और अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। सेवा उत्तराखंड संस्था की ओर से ऐंचोली में सेवा सहेली आउटलेट शुरू किया गया। मेयर कल्पना देवलाल ने रिबन काटकर आउटलेट का उद्घाटन किया। मेयर कल्पना ने कहा कि समूह की ओर से यह पहला आउटलेट शुरू किया गया है,जो महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। आउटलेट के माध्यम से महिला उत्पादकों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर मंच मिलेगा। सेवा उत्तराखण्ड की महासचिव पाशू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं उपयोगी और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर रही हैं, लेकिन उचित बाजार और प्रचार-प्रसार के अभाव में उन्हें अपने उत्पादों का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता। सेवा सहेली आउटलेट इस समस्या को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आउटलेट में प्रदेश के 10 जिलों की महिलाओं द्वारा च्यूरे, गुलाब, रिंगाल समेत अन्य स्थानीय उत्पादों से तैयार सामान उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने के साथ महिला उत्पादकों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। इस दौरान आउटलेट संचालक नेहा जोशी, रेनू जोशी, पार्षद भावना जोशी, कंचन, स्वाती समेत अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।


