अल्मोड़ा। ऐतिहासिक मां नंदादेवी मेले के आयोजन को लेकर नंदादेवी मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। मुलाकात के दौरान समिति ने मुख्यमंत्री को मेले की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराया। पदाधिकारियों ने बताया कि नंदादेवी मेला अल्मोड़ा की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक शामिल होते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेले की तैयारियों की जानकारी लेते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। समिति के अनुसार मुख्यमंत्री ने उद्घाटन अवसर पर अल्मोड़ा आने का आश्वासन देने के साथ ही मेले के सफल आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया। समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति से मेले की गरिमा बढ़ेगी और अल्मोड़ा की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को व्यापक पहचान मिलेगी। उन्होंने बताया कि मेले के भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में मेयर अजय वर्मा, मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, पार्षद अमित साह, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन बिष्ट ‘चीमा’, पार्षद अभिषेक जोशी तथा समिति सदस्य संजय साह ‘रिक्खू’ शामिल रहे।


