Latest Posts

सेलाकुई में शहीद स्मारक को क्षतिग्रस्त करने पर भड़का आक्रोश


विकासनगर। सेलाकुई बाजार स्थित सत्येंद्र चौक पर शहीद सत्येंद्र चौहान के स्मारक को देर रात अज्ञात व्यक्ति की ओर से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। शहीद स्मारक को क्षतिग्रस्त किए जाने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। घटना की जानकारी मिलते ही बुधवार सुबह बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सत्येंद्र चौक पर एकत्र हुए और घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से स्मारक को क्षति पहुंचाने वाले व्यक्ति की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। लोगों ने कहा कि शहीदों की स्मृति से जुड़े स्मारक का अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि इस घटना से क्षेत्रवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शहीद स्मारक को क्षति पहुंचाने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। इसके बाद स्थानीय लोगों ने थाने पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी। लोगों ने पुलिस से घटना की जांच कर जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। घटना को लेकर क्षेत्र में रोष बना हुआ है। प्रदर्शन करने वालों में राज्य आंदोलनकारी शूरवीर सिंह चौहान, आशुतोष चौहान, रविंद्र मोहन पांडे, प्रकाश भट्ट, अनिल नौटियाल, दिनेश तिवारी, पुष्कर बिष्ट, सुमित चौधरी, विजयपाल सिंह बर्तवाल, वीर सिंह रावत, राजेंद्र प्रसाद बलूनी, अमित पवार आदि शामिल रहे।
गीता बिष्ट ने कहा कि राज्य आंदोलन के शहीदों की स्मृतियों से जुड़े स्मारक ऐतिहासिक धरोहर होने के साथ ही लोगों की भावनाओं से जुड़े हैं। ऐसे स्मारक को क्षति पहुंचने की घटना गंभीर है और इससे क्षेत्रवासियों में रोष है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे की वास्तविकता सामने लाने के लिए सेलाकुई मेन बाजार और स्मारक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तत्काल खंगाली जानी चाहिए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि स्मारक को नुकसान किसी हादसे के कारण हुआ या किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर की गई हरकत का परिणाम है। सीसीटीवी फुटेज से घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। गीता बिष्ट ने मांग की कि जांच में यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसकी तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी की जाए और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त स्मारक को शीघ्र सम्मानजनक स्थिति में पुनर्स्थापित कराया जाए।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.