Latest Posts

जिला अस्पताल शिफ्ट नहीं होगा, कांग्रेस विधायक जनता में भ्रम फैला रहे: रघुनाथ सिंह चौहान


अल्मोड़ा। जिला चिकित्सालय के संभावित स्थानांतरण को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच भाजपा नेता एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने स्पष्ट किया है कि जिला अस्पताल को कहीं भी स्थानांतरित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस विधायक मनोज तिवारी पर जनता में भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह की बयानबाजी से लोगों को गुमराह किया जा रहा है। नगर के एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि इस संबंध में उनकी स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से वार्ता हुई है। उन्होंने कहा कि मंत्री ने स्पष्ट आश्वासन दिया है कि अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय को अन्यत्र शिफ्ट नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय वर्षों से नगर और आसपास के क्षेत्रों की जनता को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है और राज्य सरकार इसे अन्यत्र स्थानांतरित नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक बिना किसी तथ्य के अस्पताल के स्थानांतरण की बात कहकर जनता में भ्रम फैला रहे हैं, जबकि एक जनप्रतिनिधि के रूप में उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय दोनों की अपनी अलग-अलग भूमिका और पहचान है। सरकार ने अल्मोड़ा में चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने के उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज की स्थापना की है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि जिला चिकित्सालय को हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई यह दावा करता है कि सरकार जिला अस्पताल का स्थानांतरण करना चाहती है तो उसे इसके दस्तावेज सार्वजनिक करने चाहिए। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की जनता को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है तथा जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों की कमी भी जल्द दूर की जाएगी। पत्रकार वार्ता में भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, देवेंद्र भट्ट, अर्जुन बिष्ट, आनंद भोज सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.