रुद्रपुर। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ऊधमसिंह नगर पुलिस ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर महिला चीता पुलिसकर्मियों को बाजारों, प्रमुख स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात किया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों और अराजक तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखी। पर्व के दौरान बाजारों में महिलाओं और बहनों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए महिला चीता पुलिसकर्मी प्रमुख स्थानों पर सक्रिय रहीं और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। उन्होंने महिलाओं से संवाद कर किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बहनों के साथ रक्षाबंधन भी मनाया। उन्होंने बहनों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षा, सम्मान और विश्वास का संदेश दिया। इस पहल से आमजन और पुलिस के बीच आत्मीय संबंध मजबूत हुए।


