अल्मोड़ा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने मंगलवार को अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 8.10 करोड़ रुपये की लागत के दो सड़क कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें अल्मोड़ा-लमगड़ा मोटर मार्ग से सरसों तक नई सड़क का निर्माण तथा करबला से माल तक सड़क का सुधारीकरण और डामरीकरण शामिल है। सरसों तक 3.33 करोड़ रुपये की लागत से 2.630 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। वहीं, करबला से माल तक 3.90 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण पर 4.77 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों से ग्रामीणों को मुख्य मार्गों और अल्मोड़ा नगर तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी तथा दैनिक आवागमन आसान होगा। शिलान्यास के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने ग्राम पंचायत माल में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी। इस दौरान विधायक मनोज तिवारी, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, कुंदन लटवाल और गोविंद सिंह पिलख्वाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा और रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।


