नैनीताल। धारी विकासखंड के लेटीबुंगा में शुक्रवार को श्रम विभाग की ओर से कैंप आयोजित किया गया। इसमें उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों को खाद्य सामग्री, बच्चों की स्कूल किट सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री वितरित की गई। कैंप के माध्यम से क्षेत्र के 15 गांवों के श्रमिक लाभान्वित हुए। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि पहले क्षेत्र के ग्रामीणों को श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने और सामग्री प्राप्त करने के लिए हल्द्वानी जाना पड़ता था। इससे उनका समय और पैसा खर्च होता था। ग्रामीणों की इस परेशानी को देखते हुए लेटीबुंगा में ही विशेष कैंप आयोजित किया गया, ताकि श्रमिकों को गांव के नजदीक सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण और उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। श्रम विभाग और कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति, बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता, प्रसूति सहायता और श्रमिक की मृत्यु होने पर उसके आश्रितों को आर्थिक मदद जैसी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा श्रमिकों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। मंत्री ने बताया कि जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नैनीताल जिले के धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ और भीमताल विकासखंडों में श्रम विभाग के कैंप लगाए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीणों को सरकारी सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, संजय नयाल, हरेंद्र नयाल, प्रकाश चंद्र नानू, ललित शर्मा, गुड्डू नयाल, अनीता नयाल सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, श्रम विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


