Latest Posts

भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर, जनता बदलाव के लिए तैयार: प्रदीप टम्टा


अल्मोड़ा। पूर्व राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस नेता प्रदीप टम्टा ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, विकास कार्यों की अनदेखी और जनहित के मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के करीब दस वर्ष के कार्यकाल में उत्तराखंड में भ्रष्टाचार और माफिया गतिविधियां बढ़ी हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े कथित 210 करोड़ रुपये के मामले पर टम्टा ने कहा कि मंत्री के पति की ओर से लगाए गए आरोप गंभीर हैं और उनकी उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं तो सभी आरोपों की जांच होना जरूरी है। टम्टा ने जांच पूरी होने तक रेखा आर्य को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर आरोप लगाया कि सरकार एक पक्ष के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जबकि दूसरे पक्ष पर लगाए गए आरोपों की जांच नहीं की जा रही है। सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए टम्टा ने कहा कि भाजपा सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल में क्षेत्र में खेल स्टेडियम तक नहीं बन पाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थापित बड़े अस्पताल, स्कूल और कॉलेज कांग्रेस सरकार के समय की देन हैं, जबकि भाजपा सरकार इन विकास कार्यों का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है। रेखा आर्य के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए टम्टा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित बेटियों और महिलाओं से जुड़े मामलों का उल्लेख किया। उन्होंने सवाल उठाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के समय बेटियों के सम्मान और न्याय को लेकर मंत्री की संवेदनशीलता कहां थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में दलित हत्या, नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म और महिला उत्पीड़न की घटनाओं के दौरान भी सरकार की भूमिका सवालों के घेरे में रही है। धारचूला प्रकरण को लेकर टम्टा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधायक की बात नहीं सुनी। बाद में हुए हंगामे के बाद कांग्रेस विधायक और कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने सरकार से मुकदमे वापस लेने की मांग की। टम्टा ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की कार्यशैली से परेशान है और आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है। पत्रकार वार्ता में विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे और राजेंद्र बाराकोटी सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.