हल्द्वानी। लालकुआं नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में हाट बाजार स्थल पर बहुउद्देश्यीय कॉम्प्लेक्स और राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे निष्प्रयोज्य भूमि पर गोशाला निर्माण समेत 25 से अधिक विकास प्रस्ताव पारित हुए। शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में क्षेत्र के विकास, स्वच्छता और जनसुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। संचालन अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत ने किया। बैठक में क्षेत्र में हो रही बीमारियों के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की गई। ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए नगर क्षेत्र में वॉटर कूलर स्थापित करने, तहसील गेट निर्माण, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में नगर पंचायत को प्रथम स्थान मिलने पर पुरस्कार राशि के वितरण, एमआरएफ सेंटर के विस्तार, मुख्य मार्गों के दोनों ओर सौंदर्यीकरण कार्य और सभी वार्डों में स्वच्छता प्रतियोगिता आयोजित कराने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी। बैठक में सभासद नेहा आर्या, धन सिंह बिष्ट, योगेश उपाध्याय, शबनम, सुरेश शाह, दीपा पांडे, भुवन पांडे सहित अन्य बोर्ड सदस्य और नगर पंचायत कर्मचारी उपस्थित रहे।


