रुद्रपुर। यात्रियों की सुविधा और आगामी धार्मिक यात्राओं को देखते हुए गरीब रथ ट्रेन के पुनः संचालन की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में मंगलवार को मेयर विकास शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेल अधिकारियों से मुलाकात की और मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर (बरेली) को संबोधित ज्ञापन सौंपा। मेयर ने बताया कि रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता वैष्णो देवी सहित अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं। पिछले चार वर्षों तक संचालित गरीब रथ ट्रेन यात्रियों के लिए किफायती और सुविधाजनक साधन रही है, लेकिन करीब चार माह से इसका संचालन बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब और जम्मू जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन जीवनरेखा के समान है। गर्मी की छुट्टियों और श्री अमरनाथ यात्रा के नजदीक आने के चलते यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी। ऐसे में ट्रेन सेवा बहाल करना अत्यंत आवश्यक है। मेयर ने रेल प्रशासन से जनहित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। इस दौरान श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के अध्यक्ष अजय चड्ढा, संरक्षक सुनील ठुकराल, राजन राठौर, अमित अरोड़ा (बॉबी) समेत कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।


