Latest Posts

किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन


रुद्रपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को किसान कांग्रेस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरजिंदर सिंह लाडी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन एडीएम को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष लाडी ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की जायज मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। किसानों की आय दोगुनी करने का दावा पूरी तरह खोखला साबित हुआ है और आज किसान गहरे आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द किसानों के हित में ठोस निर्णय नहीं लिए गए तो पूरे प्रदेश में बड़ा किसान आंदोलन खड़ा किया जाएगा। वहीं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि बीते माह हुई भारी वर्षा, आंधी और ओलावृष्टि से किसानों की गेहूं की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। इससे किसानों की कमर टूट गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राहत देने के बजाय केवल कागजी कार्यवाही में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों के साथ खड़ी है और उनके हक की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी। मांग की गई कि वर्षा और आंधी से गिरी गेहूं की फसल का तत्काल मुआवजा दिया जाए और वर्ष 2026 की गन्ने की शेष धनराशि का भुगतान अविलंब कराया जाए। पहाड़ी क्षेत्रों में ओलावृष्टि से प्रभावित काश्तकारों को राहत देने, गेहूं और धान की सरकारी खरीद पर समर्थन मूल्य से 100 रुपये प्रति कुंतल अतिरिक्त बोनस देने और कृषि कार्य में उपयोग होने वाले ट्यूबवेलों के बिजली बिल पूरी तरह माफ करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।किसानों ने यह भी कहा कि सरकारी खरीद केंद्रों पर प्रति केंद्र केवल 5000 कुंतल का आवंटन पर्याप्त नहीं है, इसे तत्काल बढ़ाया जाए। साथ ही बाजपुर क्षेत्र के अंतर्गत लंबित 20 गांवों के भूमि प्रकरण का स्थायी समाधान करने की मांग भी रखी गई। इस दौरान पुष्कर राज जैन, अशोक राय, त्रिनाथ विश्वास, संदीप चीमा, सुनील चुग, अर्जुन विश्वास, अशोक यादव, केशव कोली, शिवकुमार शिबू, विशाल कोली, संजीव, आकाश चौहान, बलकार सिंह, मोहित चौहान, हरपाल सिंह विर्क, हरप्रीत सिंह विर्क, संजय ठुकराल, राजेंद्र सिंह, अतुल सिंह, आरिफ गाजी, राजू गुप्ता, रमेश कोली, हरमीत सिंह चावला, सन्नी जोहरी, निशांत शाही, सोनू, विपिन राजपूत सहित किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.