Latest Posts

प्रधान संगठन हवालबाग की बैठक आयोजित, मानदेय वृद्धि और भुगतान व्यवस्था के मुद्दे प्रमुखता से उठे


अल्मोड़ा। हवालबाग विकासखंड सभागार में बुधवार को आयोजित प्रधान संगठन की बैठक में ग्राम प्रधानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में प्रधानों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं रखते हुए समाधान की मांग उठाई। बैठक में मानदेय और भत्तों में वृद्धि का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। इसके साथ ही राशन कार्ड से संबंधित समस्याएं, मनरेगा एवं अन्य विकास कार्यों के भुगतान में हो रही देरी और योजनाओं से जुड़ी विभागीय वेबसाइटों के बंद रहने पर भी असंतोष व्यक्त किया गया। प्रधानों ने नए पंचायत भवनों के निर्माण और पुराने पंचायत घरों के सुधारीकरण की आवश्यकता जताते हुए ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम विकास अधिकारी की साप्ताहिक आधार पर न्याय पंचायत स्तर पर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में वीबीजी रामजी योजना की जानकारी प्रधानों तक विस्तार से पहुंचाने तथा वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा केंद्रीय और राज्य वित्त की कंटिंजेंसी मद से सामान्य खर्चों के भुगतान के लिए प्रावधान किए जाने का मुद्दा उठाया गया। ग्राम पंचायत बैठकों के एजेंडा रजिस्टर को सचिव के माध्यम से समय पर सदस्यों तक पहुंचाने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई। बीडीसी बैठकों में सभी जिलास्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए क्षेत्र पंचायत प्रमुख और संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा पत्राचार किए जाने का निर्णय लिया गया। पंचायत चुनाव में भागीदारी कर चुके प्रतिनिधियों की जमानत राशि वापस दिलाने का मुद्दा भी बैठक में रखा गया। ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू ने प्रधानों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने और उनके समाधान का भरोसा दिया, जबकि प्रधान संगठन अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल ने भी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक का संचालन महामंत्री विनोद जोशी ने किया। बैठक में ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू, प्रधान संगठन अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल, उपाध्यक्ष सुंदर मटियानी, नवीन भट्ट, चंद्रिका तिवारी, मंत्री प्रमोद जोशी, मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह मेहरा, खंड विकास अधिकारी एस एस दरियाल, एबीडीओ रमेश कनवाल, एबीडीओ पंचायत प्रमेंद्र पांडे सहित सभी ग्राम प्रधान और विकासखंड के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.