हरिद्वार। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए सरकार दिन-रात काम कर रही है। हमारी प्रतिबद्धता है कि मेले में आने वाले सभी श्रद्धालु और साधु-संत बेहतर अनुभव लेकर लौटें। मंत्री बनने के बाद बुधवार को पहली बार हरिद्वार दौरे पर पहुंचे कैड़ा ने कुंभ मेले के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। मेला नियंत्रण भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने मेला प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ गंगा घाट, पुल, पार्किंग समेत सभी प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की। अधिकारियों और संबंधित निर्माण एजेंसियों को समय पर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के बाद मंत्री राम सिंह कैड़ा ने निर्माणाधीन सीसीआर 2 बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया। मीडिया से बातचीत में मंत्री ने बताया कि कुंभ मेले के निर्माण कार्यों के लिए केंद्र सरकार ने 500 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। हरिद्वार पूरे भारतवर्ष में धार्मिक और आध्यात्मिक राजधानी के रूप में जाना जाता है। ऐसे में यहां आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और अखाड़ों के साधु-संतों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए बैठक बुलाई गई थी। उन्होंने श्रद्धालुओं और साधु-संतों की सुविधाओं का विशेष ख्याल रखते कवे निर्देश दिए।


