अल्मोड़ा। उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने मंगलवार को अल्मोड़ा पहुंचकर अनुसूचित जाति वर्ग के जनप्रतिनिधियों और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान आयोग अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से अनुसूचित जाति वर्ग की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, आवास और छात्रवृत्ति समेत विभिन्न समस्याएं आयोग अध्यक्ष के समक्ष रखीं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुकेश कुमार ने कहा कि सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया। बैठक में उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य विशाल मुखिया, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


