अल्मोड़ा। वीआईपी भ्रमण, पर्यटन सीजन और ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत मंगलवार को जिलेभर में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 115 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई, जबकि छह वाहन सीज किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों, बाजारों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में वाहनों की जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, त्रुटिपूर्ण दस्तावेज, रैश ड्राइविंग और मॉडिफाइड या रेट्रो साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में छह वाहनों को सीज भी किया। इसके अलावा बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे या घूम रहे 11 बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई, जबकि 18 लोगों का सत्यापन कराया गया। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।


