रुद्रपुर। भारतीय किसान यूनियन के महासचिव विक्रम सिंह के नेतृत्व में किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचा। यहां मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम ऋचा सिंह को सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों से जुड़ी पांच प्रमुख मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि वर्ग-4 की भूमि, इसमें पूर्व शासनादेश के अनुसार, किसानों द्वारा नजराना जमा किया जा चुका है, उसका तत्काल निस्तारण किया जाए। साथ ही जिन किसानों का वर्ग-4 की भूमि में नजराना जमा होने से रह गया है। उनसे वर्ष 2001 की सरकारी दरों के अनुसार नजराना जमा कराया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
साथ ही जिन लोगों के पास वर्ग-4 व वर्ग-5 की सरकारी भूमि पर मकान बने हुए हैं। उनकी भूमि को आबादी वर्ग 6(2) में दर्ज किया जाए। इसके अलावा ज्ञापन में आवारा पशुओं के कारण घायल होने वाले अथवा मृत्यु का शिकार हुए लोगों को सरकारी मुआवजा दिए जाने की मांग की गई। किसानों ने कहा कि प्रदेश में आवारा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिससे किसानों की फसलें भी बर्बाद हो रही हैं। किसान यूनियन ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड के किसानों के बिजली बिल माफ किए जाने की मांग भी उठाई। यहां किसान संगठन के हरप्रीत सिंह, हरपाल सिंह, मनमोहन सिंह बल, टाला राम, गुरनाम चन्द कंबोज, बंटी मेनी, उत्तमचंद, हरविंदर सिंह, हैप्पी विर्क आदि मौजूद रहे।।


