Latest Posts

पनुवानौला में पार्किंग नहीं होने से रोज लग रहा जाम, स्थायी समाधान की उठाई मांग


अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम को जोड़ने वाले अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पनुवानौला बाजार में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से लगातार जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से बाजार क्षेत्र में आए दिन लंबा जाम लग रहा है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यापारियों, पर्यटकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पनुवानौला क्षेत्र प्रमुख व्यवसायिक केंद्र होने के साथ जागेश्वर, वृद्ध जागेश्वर और सीमांत जनपद पिथौरागढ़ को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण पड़ाव भी है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है, लेकिन निर्धारित टैक्सी स्टैंड और पार्किंग स्थल नहीं होने से वाहन सड़क किनारे खड़े किए जाते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और अक्सर यातायात बाधित हो जाता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री द्वारा पनुवानौला मुख्य बाजार से वन चौकी तक पार्किंग निर्माण की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक योजना पर काम शुरू नहीं हो सका है। इस संबंध में एनएच, राजस्व विभाग, जिला प्रशासन, जिला विकास प्राधिकरण, वन विभाग और पेयजल निर्माण निगम की संयुक्त रिपोर्ट भी तैयार हो चुकी है। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा के जिला उपाध्यक्ष रवि बनौला ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले पनुवानौला बाजार में हर घंटे जाम लगना आम बात हो गई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, इसलिए पार्किंग का शीघ्र निर्माण जरूरी है। व्यापार मंडल पनुवानौला के अध्यक्ष गोपाल सिंह मेहता ने कहा कि बाजार क्षेत्र में पार्किंग की अत्यधिक आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि कई बार स्कूली बच्चों को सड़क पार करने में भी दिक्कत होती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय व्यापारियों, वाहन स्वामियों और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मुख्यमंत्री घोषणा के तहत पनुवानौला बाजार से वन विभाग चौकी तक प्रस्तावित भूमि पर बहुउद्देश्यीय पार्किंग और आधुनिक शौचालय निर्माण की मांग की है, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके और पर्यटकों व महिलाओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.