Latest Posts

पूर्व दर्जाधारी को धमकी देने के विरोध में सफाईकर्मी हड़ताल पर गए


रुद्रपुर। पूर्व दर्जाधारी संतोष गौरव के खिलाफ सोशल मीडिया में की गई आपत्तिजनक और धमकी भरी टिप्पणी के विरोध में सोमवार को सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर कोतवाली में प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले नगरपालिका के डंपिंग जोन में कुर्बानी के जानवरों के अवशेष मिलने के बाद विवाद शुरू हुआ था। इस मामले को लेकर एक संगठन के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि इस दौरान नगरपालिका के ट्रैक्टर ट्रॉली चालक तोताराम के साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। घटना के बाद सफाई कर्मचारी और वाल्मीकि समाज के लोग नगरपालिका परिसर में एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों की ओर से संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर भी सौंपी गई थी। रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला और गरमा गया। वीडियो में पूर्व दर्जाधारी संतोष गौरव और कुछ अन्य लोगों के बीच तीखी बहस दिखाई गई। आरोप है कि वीडियो पर की गई कुछ टिप्पणियों में अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और जान से मारने की धमकियां दी गईं। सोमवार को सफाई कर्मचारी यूनियन की शाखा अध्यक्ष ग्रेस देवी के नेतृत्व में कर्मचारियों ने नगरपालिका में बैठक कर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद जुलूस की शक्ल में कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कर्मचारियों ने कोतवाल विजेंद्र शाह को ज्ञापन सौंपते हुए फेसबुक पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के स्क्रीनशॉट और अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराए। कोतवाल ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, हड़ताल जारी रहेगी।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.