Latest Posts

जनता परिवर्तन चाहती है, 2027 में कांग्रेस की सरकार बनेगी: कुमारी शैलजा


अल्मोड़ा। उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने दावा किया है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने राहुल गांधी के 4 जून को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों का शंखनाद बताया। बुधवार को अल्मोड़ा में आयोजित पत्रकार वार्ता में कुमारी शैलजा ने बताया कि राहुल गांधी अपने उत्तराखंड दौरे की शुरुआत अल्मोड़ा से करेंगे, जहां एक जनसभा आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं और आम जनता में उत्साह का माहौल है। उन्होंने बताया कि दौरे के पहले दिन अल्मोड़ा में जनसभा के अलावा पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद तथा कोटद्वार में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दूसरे दिन देहरादून में राहुल गांधी पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। कुमारी शैलजा ने कहा कि प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है और भाजपा सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल से निराश है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं में रोजगार को लेकर असंतोष है तथा पलायन, पर्यटन, चारधाम यात्रा की व्यवस्थाएं, वनाग्नि, पर्यावरण संरक्षण और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार विफल रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक है। कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच लगातार उठा रही है तथा सदन में भी प्रमुखता से रख रही है। कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय हैं। उन्होंने दावा किया कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है और वर्ष 2027 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। यहाँ पत्रकार वार्ता में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व स्पीकर गोविन्द सिंह कुंजवाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, करन माहरा आदि मौजूद रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.