अल्मोड़ा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महिला कोतवाली अल्मोड़ा की ओर से एनटीडी क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रेस जूनियर हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। महिला कोतवाली प्रभारी जानकी भंडारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वृक्षारोपण, स्वच्छता, प्लास्टिक के कम उपयोग तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने आमजन को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी के तरीकों, मानव तस्करी, गौरा शक्ति एप तथा पॉक्सो अधिनियम से संबंधित जानकारी भी दी। लोगों को बताया गया कि साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा आपात स्थिति में डायल 112 का उपयोग करें। कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों के पालन, नशे के दुष्प्रभाव, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से जागरूक रहकर सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।


