अल्मोड़ा। गांजा तस्करी से अर्जित आय से खरीदी गई एक स्विफ्ट डिजायर कार को भतरौजखान पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 1 फरवरी 2025 को भतरौजखान पुलिस ने वाहन संख्या यूके04-आर-5051 स्विफ्ट डिजायर से 42.515 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया था। इस मामले में जीवन आर्या उर्फ जग्गू, रोहित कुमार और भूपेश कुमार उर्फ बॉबी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के बाद 6 मई 2025 को आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया गया। गैंगस्टर एक्ट की विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि भूपेश कुमार उर्फ बॉबी, निवासी नई बस्ती लालडांग, रामनगर, जनपद नैनीताल ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से चल संपत्ति खरीदी थी। इसके बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए भतरौजखान थाना पुलिस ने 9 जून को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत उक्त स्विफ्ट डिजायर कार को कुर्क कर जब्त कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।


