Latest Posts

देहरादून में वीवीआईपी दौरे को लेकर हाई अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा


देहरादून। आगामी 12 जून से प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण एवं प्रवास कार्यक्रम को लेकर देहरादून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइन देहरादून में सुरक्षा ड्यूटी में नियुक्त पुलिस बल की व्यापक ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा करते हुए सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता के साथ करना होगा। महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय से पूर्व अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर क्षेत्र का भौतिक निरीक्षण करें तथा अपने प्रभारी अधिकारियों से आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त करें। साथ ही सभी कर्मियों को पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड अनिवार्य रूप से साथ रखने के निर्देश दिए गए। वीवीआईपी रूट, प्रवास स्थल और कार्यक्रम स्थल के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों को हाईराइज भवनों, पानी की टंकियों, फ्लाईओवर और अन्य संवेदनशील स्थानों की बीडीएस एवं डॉग स्क्वॉड के माध्यम से सघन जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही आसपास निवास करने वाले लोगों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। सभी नोडल अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अपने निर्धारित स्थानों पर ही मौजूद रहें और अनावश्यक रूप से किसी एक स्थान पर एकत्रित न हों। अधिकारियों ने ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग से बचने तथा बिना अनुमति ड्यूटी प्वाइंट छोड़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। सुरक्षा कारणों से वीवीआईपी कार्यक्रम एवं प्रवास स्थल के आसपास ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी थाना प्रभारियों को धर्मशालाओं, होटलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ब्रीफिंग कार्यक्रम में महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, पुलिस उप महानिरीक्षक धीरेन्द्र गुंज्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल सहित सुरक्षा व्यवस्था में नियुक्त सभी राजपत्रित अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.