Latest Posts

कार में लगी भीषण आग, समय रहते सुरक्षित निकले सवार


अल्मोड़ा। द्वाराहाट-चौखुटिया मोटर मार्ग पर ग्राम बैरती के पास शुक्रवार शाम एक कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही द्वाराहाट पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ यातायात व्यवस्था संभालकर बड़ा हादसा टाल दिया। हालांकि कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार वाहन स्वामी कपिल आर्या ने डायल 112 पर कार में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली द्वाराहाट पुलिस ग्राम बैरती स्थित ग्रीन वैली रेस्टोरेंट के समीप घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर वाहन संख्या यूके04एएच-3938 (निसान मैग्नाइट) आग की लपटों में घिरा हुआ था। होटल स्वामी बालम सिंह नेगी और वाहन में सवार लोग आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे। कपिल आर्या ने बताया कि वह भारतीय स्टेट बैंक की गौचर शाखा में कार्यरत हैं। शुक्रवार को बैंक का कार्य समाप्त करने के बाद वह अपने साथियों शुभम और निखिल कोहली के साथ गौचर से हल्द्वानी जा रहे थे। शाम करीब 5:15 बजे ग्रीन वैली रेस्टोरेंट के पास वाहन का क्लच अचानक काम करना बंद कर गया। जांच करने पर इंजन के नीचे आग लगी दिखाई दी। वाहन सवारों ने तत्काल अपना आवश्यक सामान बाहर निकाल लिया और पानी तथा मिट्टी की सहायता से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से पूरे वाहन में फैल गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आग बुझाने के प्रयासों के साथ द्वाराहाट और चौखुटिया की ओर से आने वाले वाहनों को सुरक्षित दूरी पर रोककर यातायात एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने की घटना आकस्मिक प्रतीत हो रही है। वाहन स्वामी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना आकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया है। घटना के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित होता रहा।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.