विकासनगर। बकाया भुगतान किए बिना कंपनी को दिल्ली स्थानांतरित करने के प्रयास के विरोध में श्रमिकों ने बुधवार को सेलाकुई स्थित एजीआई ग्रीन पैक लिमिटेड के गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। नाराज कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनका पूरा बकाया नहीं चुकाया जाएगा, तब तक कंपनी से एक भी मशीन या सामान बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों के शोषण के आरोप एक बार फिर सामने आए हैं। वेतन वृद्धि, निर्धारित कार्य अवधि और ओवरटाइम भुगतान जैसी मांगों को लेकर यहां पहले भी कई बार आंदोलन हो चुके हैं। ताजा मामले में एजीआई ग्रीन पैक लिमिटेड के कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। श्रमिकों का आरोप है कि कंपनी उनका पूरा हिसाब-किताब किए बिना दिल्ली शिफ्ट होने की तैयारी कर रही है। उनका कहना है कि ग्रेच्युटी, बकाया वेतन और एक माह के अतिरिक्त भुगतान सहित सभी देयकों का निपटारा होने तक कंपनी से कोई मशीन या सामान बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन और ठेकेदार की ओर से अब तक कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया गया है, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ रही है। प्रदर्शन करने वाले श्रमिकों में सुरेश कुमार, पंकज शर्मा, सोहेल, सचिन वर्मा, प्रकाश और धीरज सहित बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।


