देहरादून। देहरादून के थाना क्लेमेनटाउन क्षेत्र अंतर्गत ग्राफिक एरा तिराहे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तिब्बती कॉलोनी निवासी 56 वर्षीय कर्मा अपनी स्कूटी से आईएसबीटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कर्मा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और जाम लग गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना क्लेमेनटाउन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया। पुलिस ने ट्रक चालक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी। थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी चालक की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया और यातायात को सुचारु कराया। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कर्मा के निधन से तिब्बती कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तिराहे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में यातायात नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए।


