बागेश्वर। कौसानी के वरिष्ठ होटल व्यवसायी बी.डी. जोशी के जीवन एवं योगदान पर आधारित पुस्तक का शीघ्र ही राजभवन से विधिवत विमोचन किया जाएगा। यह जानकारी उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कौसानी होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान दी। अल्मोड़ा स्थित सर्किट हाउस में आयोजित इस शिष्टाचार भेंट में क्षेत्र के पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। एसोसिएशन अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा के नेतृत्व में पहुंचे शिष्टमंडल ने राज्यपाल को बताया कि कौसानी के वरिष्ठ होटल व्यवसायी बी.डी. जोशी के जीवन और पर्यटन क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को लेकर एक पुस्तक तैयार की गई है। इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने कहा कि जून 2025 में कौसानी भ्रमण के दौरान वे बी.डी. जोशी के व्यक्तित्व, कार्यशैली और क्षेत्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से प्रभावित हुए थे। उसी दौरान उनके जीवन पर पुस्तक तैयार किए जाने का विचार सामने आया था, जिसे अब मूर्त रूप दे दिया गया है।
राज्यपाल ने कहा कि पुस्तक का प्रथम शुभकामना संदेश उनकी ओर से दिया जाएगा तथा इसका औपचारिक विमोचन राजभवन में आयोजित समारोह के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने इसे न केवल बी.डी. जोशी के लिए बल्कि पूरे कौसानी क्षेत्र के लिए सम्मान और गौरव का विषय बताया।
बैठक के दौरान अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा ने पर्यटन नगरी कौसानी के समग्र विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार तथा स्थानीय पर्यटन उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। इस संबंध में अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि निकट भविष्य में कौसानी होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के साथ विशेष बैठक आयोजित कर पर्यटन विकास और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
शिष्टमंडल में एसोसिएशन सचिव हरेंद्र चिलवाल, वरिष्ठ होटल व्यवसायी बी.डी. जोशी, अल्मोड़ा होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण वर्मा, मनोज अरोरा तथा हरीश खर्कवाल सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। राज्यपाल के सकारात्मक रुख से क्षेत्र के पर्यटन व्यवसायियों में उत्साह का वातावरण है और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में कौसानी के पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी।


