बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 25 शिकायतें एवं जनसमस्याएं दर्ज की गईं। प्राप्त शिकायतों में विद्युत व्यवस्था, सड़क संपर्क मार्ग, पेयजल, राजस्व तथा आपदा न्यूनीकरण से जुड़े मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे।
जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागों से प्राप्त आख्या का परीक्षण किया। साथ ही विभिन्न माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई एवं ऑनलाइन माध्यमों से प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्य करते हुए आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में जनपद के सभी उप जिलाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में प्रशासन की सक्रियता एक बार फिर देखने को मिली।


