—
बागेश्वर। जनपद की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने गुरुवार को बागनाथ संग्रहालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संग्रहालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं, प्रदर्शित प्रतिमाओं तथा शेष निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्यों का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संग्रहालय में स्थापित प्रत्येक प्रतिमा के साथ उसका विस्तृत परिचय, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा धार्मिक महत्व भी अंकित किया जाए, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों, शोधार्थियों एवं आम नागरिकों को सही, प्रमाणिक और तथ्यपरक जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण केवल उनके भौतिक स्वरूप तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनसे जुड़े इतिहास और परंपराओं का भी सटीक दस्तावेजीकरण आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने प्रतिमाओं एवं अन्य प्रदर्शित सामग्री से संबंधित तथ्यों का विशेषज्ञों के माध्यम से सत्यापन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि संग्रहालय में प्रदर्शित प्रत्येक जानकारी ऐतिहासिक दृष्टि से प्रमाणिक और विश्वसनीय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों और विरासत से बेहतर तरीके से परिचित हो सकेगी।
बागनाथ संग्रहालय की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने इसे जनपद की सांस्कृतिक पहचान को सहेजने और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी शेष कार्यों एवं औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि संग्रहालय को जल्द से जल्द आम जनता के लिए खोला जा सके।
इस अवसर पर ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजय भारती ने बताया कि मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत लगभग 66.90 लाख रुपये की लागत से संग्रहालय का निर्माण कराया गया है। संग्रहालय में हिंदू धर्म के विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाती हैं।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। बागनाथ संग्रहालय के शीघ्र संचालन से जहां स्थानीय संस्कृति और इतिहास को नया मंच मिलेगा, वहीं पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।


