अल्मोड़ा। जागेश्वर वन क्षेत्र के अंतर्गत वन पंचायत चगेठी में अवैध रूप से लीसा गढ़ान (निकासी) किए जाने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 टिन अवैध लीसा जब्त किया है। विभाग ने संबंधित ठेकेदार का एच-2 निरस्त कर उसे ब्लैकलिस्ट किए जाने की संस्तुति भी उच्चाधिकारियों को भेजी है। वन विभाग के अनुसार 24 जून को वन पंचायत चगेठी में बड़े पैमाने पर अवैध लीसा गढ़ान की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद वन क्षेत्राधिकारी जागेश्वर के नेतृत्व में गठित टीम ने 25 जून को ग्राम प्रधान, वन पंचायत सरपंच, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में मौके का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि लीसा छेवक खड़क सिंह चिलवाल, निवासी चेलछीना, द्वारा निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर चीड़ के पेड़ों से अवैध रूप से लीसा निकाला जा रहा था। निरीक्षण के दौरान कई पेड़ों पर दो से तीन गहरे घाव किए गए थे, जबकि मानकों के विपरीत पतले और संवेदनशील वृक्षों पर भी ब्लेड लगाकर लीसा निकाला गया था। वन विभाग के अनुसार इससे वन संपदा और पर्यावरण को नुकसान पहुंचा है। कार्रवाई के दौरान मौके से 27 टिन अवैध लीसा जब्त कर धौलादेवी मोटर रोड डिपो में सुरक्षित रखवा दिया गया। विभाग ने संबंधित ठेकेदार का एच-2 तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए उसे भविष्य के लिए ब्लैकलिस्ट किए जाने की विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत विभागीय कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने या अवैध दोहन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


