Latest Posts

जनसुनवाई में 13 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश, लंबित पेंशन मामलों पर सीडीओ का सख्त रुख

x
बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में पूर्व में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान सड़क, बिजली, पेयजल तथा पेंशन से संबंधित कुल 13 शिकायतें प्राप्त हुईं। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का प्रभावी समाधान करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित पेंशन प्रकरणों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दो सप्ताह के भीतर सभी लंबित मामलों का निस्तारण कर पात्र कर्मचारियों को पेंशन का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेंशन कर्मचारियों की जीवनभर की जमा-पूंजी है और इसके भुगतान में अनावश्यक विलंब या लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा ‘हेलो बागेश्वर’ पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और कॉल प्रतिशत में सुधार लाने के निर्देश दिए। कम कॉल प्रतिशत पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को चेतावनी जारी करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के संबंध में सिंचाई खंड कपकोट को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे एवं मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने सेवायोजन विभाग द्वारा तैयार ‘कैरियर मार्गदर्शिका’ पुस्तिका का विमोचन किया। इस पुस्तिका का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर चयन, रोजगार के अवसरों तथा आवश्यक कौशल प्रशिक्षण के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.