अल्मोड़ा। नगर निगम अल्मोड़ा द्वारा लाला बाजार के छोटे दुकानदारों की दुकानों के टेंडर की प्रक्रिया शुरू किए जाने का देवभूमि उद्योग व्यापार मण्डल ने विरोध किया है। संगठन ने इस फैसले को छोटे व्यापारियों के हितों के खिलाफ बताते हुए नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर प्रक्रिया वापस लेने की मांग की है। नगर अध्यक्ष संजय साह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में व्यापार मण्डल ने कहा कि लाला बाजार के कई छोटे व्यापारी पिछले 20 से 40 वर्षों से इन दुकानों के माध्यम से अपनी आजीविका चला रहे हैं और नियमित रूप से नगर निगम को किराया भी जमा करते आ रहे हैं। इसके बावजूद बिना पूर्व सूचना के दुकानों की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई, जिससे व्यापारियों में असंतोष है। व्यापार मण्डल ने नगर निगम के इस निर्णय को अनुचित बताते हुए कहा कि यदि टेंडर प्रक्रिया वापस नहीं ली गई तो व्यापारी एकजुट होकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। संगठन का कहना है कि नगर निगम को छोटे व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, महिला जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद वंदना वर्मा, कार्यकारी जिला अध्यक्ष प्रमोद पवार, जिला महामंत्री हिमांशु कांडपाल, जिला संगठन मंत्री नीरज थापा, जिला कोषाध्यक्ष गणेश जोशी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।


