बागेश्वर। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को बागेश्वर में ‘सेवा, सुशासन एवं विकास’ पखवाड़े का जिला स्तरीय शुभारंभ राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे एवं नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का सजीव प्रसारण भी उपस्थित जनसमूह को दिखाया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने अपनी जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। बाल विकास विभाग ने महालक्ष्मी किट का वितरण किया, जबकि उद्योग विभाग ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 20.50 लाख रुपये के ऋण वितरित किए। अन्य विभागों ने भी अपनी-अपनी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लोगों को लाभान्वित किया।
सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। विशेष अभियान के माध्यम से दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, किसान, युवा एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों के जरिए जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया गया।
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, भाजपा जिला महामंत्री संजय परिहार, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


