Latest Posts

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को अपनाकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान


अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी जिला अल्मोड़ा की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पक्ष के तहत सोमवार को पातालदेवी स्थित जिला कार्यालय में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गान किया। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने की। मुख्य वक्ता सरकार के दायित्वधारी शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनावों को लक्ष्य बनाकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को आत्मसात करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए अभी से सक्रिय होकर कार्य करने का आह्वान किया। पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष थे और उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए वैचारिक राजनीति की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद-370 के विरोध में उनका संघर्ष भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। कार्यक्रम संयोजक मनीष जोशी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र सर्वोपरि, संगठन व्यक्ति से बड़ा, सेवा भाव और सिद्धांतों पर अडिग रहने के संदेश को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। सम्मेलन में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, महापौर अजय वर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, प्रदेश मंत्री गौरव पांडे, दायित्वधारी कुंदन लटवाल, ब्लॉक प्रमुख त्रिलोक रावत, नीमा आर्या सहित पार्टी के प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री दर्शन रावत और प्रकाश भट्ट ने किया तथा अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.