Latest Posts

कुंभ: 32 करोड़ से संवरेंगे प्रमुख मंदिरों के पैदल मार्ग, कांवड़ यात्रा से पहले पूरे होंगे चल रहे कार्य


हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में प्रमुख मंदिरों और हरकी पैड़ी को जोड़ने वाले पैदल मार्गों व फुटपाथों के विकास पर करीब 32.15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। चंडी देवी, मनसा देवी, बिल्केश्वर महादेव, श्रीयंत्र मंदिर, बूढ़ी माता मंदिर समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही के लिए सात प्रमुख परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।
सोमवार को मेलाधिकारी सोनिका ने निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले प्रगति पर चल रहे कार्य पूरे करने और सभी निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। स्वीकृत परियोजनाओं में चंडी देवी मंदिर तक तीर्थयात्री सुविधाओं एवं पहुंच मार्ग के विकास के लिए 3.53 करोड़ रुपये, मनसा देवी मंदिर के दोनों मार्गों के विकास के लिए 2.18 करोड़ रुपये, हरकी पैड़ी से प्रमुख मंदिरों को जोड़ने वाले पैदल-अनुकूल फुटपाथ निर्माण के लिए 7.84 करोड़ रुपये, बंगाली मोड़ से झंडा चौक, श्रीयंत्र मंदिर और बूढ़ी माता मंदिर तक मार्ग के नवीनीकरण एवं फुटपाथ निर्माण के लिए 3.94 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा शंकराचार्य चौक, देवपुरा चौक, चंद्राचार्य चौक और आर्यनगर चौक के आंतरिक मार्गों के नवीनीकरण तथा फुटपाथ निर्माण के लिए 6.44 करोड़ रुपये, शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक मार्ग सुधार के लिए 3.93 करोड़ रुपये तथा ज्वालापुर-ललताराव-चंडीघाट मार्ग के नवीनीकरण एवं फुटपाथ निर्माण के लिए 4.27 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत हैं।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर महादेव मंदिर होते हुए मनसा देवी मंदिर तक जाने वाले पैदल मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग के चौड़ीकरण, मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन फुटपाथों की गुणवत्ता का भी जायजा लिया गया और आवश्यक तकनीकी सुधार सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके बाद मेलाधिकारी ने अपर रोड क्षेत्र का भी निरीक्षण किया और गलियों के सुधार, पैदल आवागमन को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने, सौंदर्यीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार, अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मनसा देवी मंदिर की सीढ़ियों को तत्काल ठीक करें। मनसा देवी मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों और सीढ़ियों का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने जहां आवश्यकता हो वहां तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी के लिए प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग का भी निरीक्षण किया। उनका कहना था कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में भीड़ प्रबंधन और आपदा प्रबंधन की दृष्टि से वैकल्पिक निकासी मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। मेलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वर्तमान में चल रहे पैदल मार्ग और फुटपाथ निर्माण के कार्य आगामी कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को असुविधा न हो। जिन क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा के कारण फिलहाल कार्य शुरू नहीं हो सकता, वहां यात्रा समाप्त होते ही निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जाए।

Latest Posts

spot_imgspot_img

Don't Miss

Stay in touch

To be updated with all the latest news, offers and special announcements.