रुड़की। मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और भारी बारिश की परिस्थितियों से निपटने की तैयारी को मजबूत कर बीईजी एंड सेंटर में शुक्रवार को बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर एक संयुक्त अभ्यास आयोजित किया गया। यह अभ्यास अपर गंगा नहर के किनारे स्थित वेट ब्रिजिंग ट्रेनिंग एरिया में जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के सहयोग से संपन्न हुआ। अभ्यास की शुरुआत में भाग लेने वाली सभी एजेंसियों ने अपनी राहत एवं बचाव क्षमताओं की जानकारी साझा की। अधिकारियों ने बाढ़ जैसी आपात स्थिति में अपनी जिम्मेदारियों, कार्यक्षेत्र, उपलब्ध उपकरणों, प्रतिक्रिया प्रणाली और आपसी समन्वय की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला।


