अल्मोड़ा। भैंसियाछाना ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौलछीना में सोमवार को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क परामर्श दिया गया तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और रोगों की रोकथाम को लेकर जागरूक किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना रहा। शिविर में जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा से पहुंचे हड्डी रोग विशेषज्ञ, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ तथा आयुष विभाग की टीम ने मरीजों का परीक्षण कर उपचार संबंधी परामर्श दिया। इसके साथ ही चेस्ट एक्स-रे, टीबी स्क्रीनिंग, एनसीडी (गैर-संचारी रोग) स्क्रीनिंग, एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत जांच एवं परामर्श तथा ई-रक्तकोष से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। पात्र लाभार्थियों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र भी बनाए गए। स्वास्थ्य शिविर में कुल 167 मरीजों ने सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें हड्डी रोग विभाग में 42, ईएनटी विभाग में छह, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में 18, आयुष विभाग में 29, नेत्र रोग विभाग में 50 तथा सामान्य ओपीडी में 22 मरीजों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा 150 लोगों के चेस्ट एक्स-रे भी किए गए। शिविर का आयोजन भैंसियाछाना ब्लॉक के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में किया गया। इस दौरान ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक दीपक पंत, डॉ. अदिति, उमेश जोशी, पूजा, काव्या, नेहा रावत, नेहा चंद, स्वाति, हेमा बिष्ट, ममता रानी, प्रिया, एएनएम अंजलि, नीतू, विनीता, वंदना, सरिता, अनिल, ललित बिष्ट, विनय वर्मा, रेनू जोशी, आशा कार्यकर्ता बसंती सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया।


