अल्मोड़ा। नवागंतुक थानाध्यक्ष धौलछीना रमेश सिंह बोहरा ने रविवार को बाड़ेछीना क्षेत्र में व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ जनसंवाद गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा प्राप्त शिकायतों के शीघ्र और प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया। गोष्ठी में थानाध्यक्ष ने लोगों से यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, दो से अधिक सवारी न बैठाने, तेज गति और शराब के नशे में वाहन न चलाने तथा नाबालिगों को वाहन न चलाने देने से बचने की हिदायत दी। साथ ही सवारी और मालवाहक वाहनों में ओवरलोडिंग नहीं करने के लिए भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बाड़ेछीना बाजार में समय-समय पर लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए सभी व्यापारी और वाहन चालक सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करें। होटल और ढाबों में शराब परोसने तथा शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, महिला सुरक्षा और अन्य सामाजिक अपराधों से बचाव की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देकर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।


