अल्मोड़ा। उत्तराखंड क्रांति दल की जिला इकाई की बैठक बुधवार को जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में 25 जुलाई को यूकेडी के स्थापना दिवस पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई। इस दौरान हर घर पानी मीटर योजना के विरोध में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान और विधानसभा प्रत्याशियों के आवेदन को लेकर भी जानकारी साझा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 जुलाई से दल का सदस्यता अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा। साथ ही सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से स्थापना दिवस के अवसर पर उपस्थित होने का आह्वान किया गया। जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि नगर क्षेत्र में हर घर पानी मीटर के विरोध में चलाए जा रहे अभियान को 5 हजार से अधिक लोगों का समर्थन मिल चुका है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय कार्यालय द्वारा मांगी गई विधानसभा प्रत्याशियों की सूची के लिए अब तक अल्मोड़ा विधानसभा से पांच, सोमेश्वर विधानसभा से दो और जागेश्वर विधानसभा से चार आवेदन पत्र लिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इच्छुक सदस्य 25 जुलाई तक आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं, लेकिन आवेदन करने के लिए यूकेडी का सक्रिय सदस्य होना अनिवार्य है। बैठक में महानगर अध्यक्ष मोहित साह, केंद्रीय मंत्री गिरीश नाथ गोस्वामी, जिला कार्यकारी अध्यक्ष पंकज सिंह कपकोटी, जिला महामंत्री देवेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष सुजीत टम्टा, विनय किरौला, अक्षय कुमार, गद्देश सिंह, शैलेंद्र टम्टा, विक्रम सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


